Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में Maruti Dzire ने मारी बाजी, Honda Amaze से ज्यादा सुरक्षित साबित हुई यह सेडान
भारत में सेडान कारों की भी मांग रहती है, जिसे देखते हुए निर्माताओं की ओर से इस सेगमेंट में भी कई विकल्प ऑफर किए जाते हैं। हाल में ही Honda Amaze के क्रैश टेस्ट के नतीजों को Bharat NCAP की ओर से जारी किया गया है। जिसके बाद इसी सेगमेंट में ऑफर की जाने वाली Maruti Dzire से इसकी तुलना की जा रही है। दोनों सेडान कारों में से कौन सी कार सुरक्षा में ज्यादा बेहतर है, हम आपको इस खबर में बता रहे हैं।
हाल में ही होंडा की ओर से ऑफर की जाने वाली अमेज कार का क्रैश टेस्ट किया गया है। Bharat NCAP ने क्रैश टेस्ट के बाद जारी किए नतीजों में इस कार को पूरे पांच अंक दिए हैं। इसके पहले अमेज के मुकाबले में ऑफर की जाने वाली Maruti Dzire को भी भारत एनसीएपी की ओर से क्रैश टेस्ट में पांच अंक दिए जा चुके हैं।
दोनों ही कारों को सुरक्षा के लिए पूरे पांच अंक दिए गए हैं। लेकिन व्यस्कों की सुरक्षा में होंडा अमेज की नई जेनरेशन को 32 में से 28.33 अंक दिए गए हैं। वहीं मारुति सुजुकी डिज़ायर को भी व्यस्कों की सुरक्षा में 32 में से 29.46 अंक दिए गए हैं।
व्यस्कों के साथ ही इन कारों का बच्चों की सुरक्षा के लिए भी टेस्ट किया गया है। जिसमें नई जेनरेशन होंडा अमेज़ को कुल 49 में से 40.81 अंक मिले हैं, जबकि मारुति सुजुकी डिज़ायर को कुल 49 में से 41.57 अंक मिले हैं।
मारुति सुजुकी डिजायर में रिवर्स पार्किंग कैमरा, 360 डिग्री कैमरा, एंटी थेफ्ट सिक्योरिटी सिस्टम, टीपीएमएस, स्पीड सेंसिंग ऑटो डोर लॉक, रियर डिफॉगर, इंजन इमोबिलाइलाइजर, छह एयरबैग, हाई स्पीड वार्निंग अलर्ट, सीट बेल्ट रिमाइंडर, ईएसपी, एबीएस, ईबीडी, हिल होल्ड असिस्ट, आइसोफिक्स चाइल्ड एंकरेज जैसे सेफ्टी फीचर दिए जाते हैं।
वहीं होंडा की अमेज कार में भी सेफ्टी के लिए छह एयरबैग, Level-1 ADAS, हिल स्टार्ट असिस्ट, वीएसए, रियर कैमरा, आइसोफिक्स चाइल्ड एंकरेज के साथ ही 28 से ज्यादा फीचर्स दिए जाते हैं।
