चित्रकूट में भीषण हादसा: बेकाबू स्विफ्ट कार ने दो छात्रों को रौंदा, मौके पर मौत से मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। गोदावरी मोड़ क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक सवार दो युवकों को सामने से जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया।
हादसे में बाइक चला रहे युवक यश मिश्रा निवासी नरैनी (उत्तर प्रदेश) के सिर पर कार का पहिया चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यश चित्रकूट स्थित आरोग्यधाम में रहकर गुरुकुल विद्यालय में अध्ययन कर रहा था।
हादसे के दौरान बाइक पर उसके साथ बैठा दूसरा युवक हिमांशु सेन निवासी आरोग्यधाम गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल जानकीकुंड अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार अनियंत्रित होकर सीधे बाइक पर चढ़ गई, जिससे दोनों युवक काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए कार चालक को पकड़ लिया और उसे चित्रकूट थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मरने वाले दोनों छात्रों के परिजनों को सूचना दे दी है। स्थानीयजनों में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग को लेकर गुस्सा व्याप्त है।
