‘हार की हताश…’, PM मोदी के बयान पर घमासान; प्रियंका गांधी ने पूछा- आखिर संसद किसलिए है?
संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू हुआ, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित हुई। सत्र शुरू होने से पहले, पीएम मोदी ने मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ‘हार की हताश’ में है और संसद में ‘ड्रामा नहीं, डिलीवरी’ चाहिए।
पीएम मोदी के इस बयान पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वोटर रोल के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और गंभीर वायु प्रदूषण जैसे जरूरी सार्वजनिक मुद्दों को उठाना ही संसद का असली मकसद है। प्रियंका ने कहा, “मुद्दों पर बात करना, मुद्दे उठाना ड्रामा नहीं है। ड्रामा का मतलब है चर्चा न होने देना। ड्रामा का मतलब है उन मुद्दों पर डेमोक्रेटिक चर्चा न करना जो जनता के लिए मायने रखते हैं।”
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी पीएम मोदी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, “सबको पता है कि ड्रामा कौन करता है। लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, BLO मर गए हैं, क्या यह ड्रामा है?” उन्होंने बीजेपी पर वोटरों को रोकने के लिए पुलिस का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि ऐसे शब्दों के खेल से बचना चाहिए।
