0

बागेश्वर: गर्भवती की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, पुलिस जांच शुरू

By Dec 9, 2025

बागेश्वर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की रविवार सुबह मौत हो गई। पिथौरागढ़ जिले के संगोड़ कोटमन्या, थल निवासी 22 वर्षीय गर्भवती कविता पाठक पत्नी नरेश पाठक को बीते शनिवार देर शाम कुछ दिक्कतें होने पर स्वजन बेरीनाग अस्पताल ले गए थे। बेरीनाग अस्पताल ने प्राथमिक जांच के बाद उसे जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर किया था। जिला अस्पताल पहुंचने के बाद उसे तुरंत भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, लेकिन रविवार सुबह उसकी हालत बिगड़ती चली गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के स्वजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका की मां द्रोपती देवी ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “शरीर में खून की कमी थी, उसे ब्लड चढ़ाया जाना था लेकिन बागेश्वर जिला अस्पताल में ब्लड नहीं चढ़ाया गया, जबकि हम खून लेकर भी आए थे। अस्पताल में उसको कुछ दवाई खाने को दी, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई। अस्पताल वालों ने इलाज के लिए चार हजार रुपये भी मांगे। यह पूरी अस्पताल प्रशासन की लापरवाही है। इन लोगों ने मेरी बेटी की जान ली।”

वहीं, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. रीमा उपाध्याय ने बताया कि गर्भवती महिला बेरीनाग से रेफर होकर आई थी। गर्भ रुकने पर महिला ने गर्भपात की दवा का सेवन कर लिया था, जिसके कारण उसे अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। चिकित्सकों ने उसे बचाने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन रक्तस्राव अधिक होने से उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका।

अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका के दो छोटे बच्चे बताए जा रहे हैं, जिससे परिवार में कोहराम मचा है। स्वजन शोक में हैं और गांव में मातम छाया हुआ है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें