0

फिरोजाबाद: आगरा-कानपुर हाईवे पर मुठभेड़, 21 मुकदमे वाला बदमाश गोली लगने से घायल

By Dec 8, 2025

फिरोजाबाद। आगरा-कानपुर हाईवे पर सिरसगांज पुलिस ने गुरुवार रात एक बजे चेकिंग के दौरान एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। शेख सराय की ओर से आ रहे एक संदिग्ध बाइक सवार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, कारतूस, चोरी की गई बाइक और चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

सूत्रों के अनुसार, एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि सिरसागंज में धरमई गांव निवासी मोहित ने 22 नवंबर को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि बालाजी मंदिर में दर्शन करने जाने के दौरान उसकी बाइक चोरी हो गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी।

इसी बीच, गुरुवार रात करीब एक बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक चोरी के मामले में वांछित बदमाश हाईवे से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वैभव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाईवे पर घेराबंदी कर दी।

कुछ ही देर में शेख सराय गांव की तरफ से एक बाइक पर संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी और बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा।

पकड़े गए आरोपित की पहचान अर्जुन उर्फ पुतला निवासी कुरावली, मैनपुरी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, चोरी की गई बाइक और चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

थानाध्यक्ष वैभव सिंह ने बताया कि अर्जुन उर्फ पुतला एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ मैनपुरी, एटा और फिरोजाबाद जिलों में लूट, चोरी, गैंगेस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे कुल 21 मामले दर्ज हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें