0

अर्धकुंभ 2027 की तैयारी: सीएम धामी ने अखाड़ा प्रतिनिधियों संग की पहली बैठक

By Dec 8, 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी अर्धकुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को हरिद्वार डाम कोठी में अखाड़ा प्रतिनिधियों के साथ पहली महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में 13 अखाड़ों के दो-दो सचिव या नामित प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री का यह कदम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरि महाराज के हालिया बयानों के बाद आया है, जिसने शासन-प्रशासन में हलचल मचा दी थी।

सूत्रों के अनुसार, श्रीमहंत हरिगिरि के बयानों के बाद मेला प्रशासन ने संतों को मनाने का प्रयास किया, जिसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं संतों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही इस बैठक का आयोजन 28 नवंबर को तय किया गया था, जिसकी तैयारियां मेला प्रशासन ने एक दिन पूर्व ही पूरी कर ली थीं।

परंपरा के अनुसार, कुंभ और अर्धकुंभ से संबंधित पहली बैठकों में मुख्यमंत्री अखाड़ा प्रतिनिधियों से सुझाव मांगते हैं और उन्हें व उनसे जुड़े सभी संतों को मेले में आने के लिए आमंत्रित करते हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अखाड़ा प्रतिनिधियों से अर्धकुंभ को और अधिक भव्य व दिव्य रूप से आयोजित करने के लिए अपने विचार और सुझाव साझा करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं कि आगामी अर्धकुंभ को कुंभ की तरह ही भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इस बैठक में अखाड़ा परिषद को लेकर चल रही बयानबाजी पर भी विराम लगने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बैठक के माध्यम से मुख्यमंत्री ने संतों का विश्वास जीतने और अर्धकुंभ की तैयारियों को जमीनी स्तर पर शुरू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें