लुटेरों से मुठभेड़: पुलिस ने 10 घंटे में दो ऑटो लुटेरों को दबोचा, एक घायल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के कुशल निर्देशन में थाना रामगढ़ पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज घटना का मात्र 10 घंटे के भीतर अनावरण करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इस कार्रवाई के दौरान एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी है।
घटना का खुलासा शुक्रवार को तब हुआ जब एक ऑटो चालक ने थाना रामगढ़ में तहरीर दी कि वह हलपुरा के पास सवारी लेकर साँती रोड की ओर जा रहा था, तभी दो युवकों ने तमंचे के बल पर उससे ऑटो लूट लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल मामले के खुलासे के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया।
पुलिस की गहन जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर अभियुक्त आकाश पुत्र अर्जुन सिंह निवासी नई आबादी और भोले पुत्र नेकराम निवासी रहना, दोनों थाना उत्तर के रूप में पहचाने गए। सूत्रों के अनुसार, ये लुटेरे चोरी किए गए ऑटो को नैपई की तरफ से ममता डिग्री कॉलेज अण्डरपास के पास ठिकाने लगाने की फिराक में थे।
जैसे ही पुलिस टीम ने लुटेरों को रोकने का प्रयास किया, उन्होंने पुलिस को देखते ही जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक लुटेरा आकाश गोली लगने से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस और चोरी की गई ऑटो रिक्शा बरामद की गई है। घायल लुटेरे आकाश को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अब इन लुटेरों से पूछताछ कर रही है ताकि इनके गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
