0

मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव की तैयारी, सुरक्षा कड़ी

By Dec 6, 2025

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में शनिवार को बाबरी मस्जिद की नींव रखने की तैयारी को लेकर तनाव का माहौल है। तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर इस कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे हैं। उनके समर्थक सुबह से ही सिर पर ईंट लेकर निर्माण स्थल की ओर निकल पड़े हैं।

इस संवेदनशील स्थिति को देखते हुए बेलडांगा और आसपास के इलाकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। कोलकाता हाईकोर्ट ने शुक्रवार को मस्जिद निर्माण पर रोक लगाने की याचिका को खारिज कर दिया था। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने की संपूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद, राज्य सरकार ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बेलडांगा और रानीनगर थाने के इलाकों में सेंट्रल आर्म्ड फोर्सेज की 19 टीमें, रैपिड एक्शन फोर्स, बीएसएफ और स्थानीय पुलिस की कई यूनिटों सहित 3 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं।

गौरतलब है कि हुमायूं कबीर ने 25 नवंबर को घोषणा की थी कि वे 6 दिसंबर को, अयोध्या में विवादित ढांचे के विध्वंस के 33 साल पूरे होने के अवसर पर, बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखेंगे। इस घोषणा के बाद, तृणमूल कांग्रेस ने 4 दिसंबर को उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था।

प्रशासन ने शुक्रवार को विधायक हुमायूं कबीर की टीम के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी। कबीर ने आश्वासन दिया है कि शिलान्यास कार्यक्रम प्रशासनिक दिशानिर्देशों के अनुसार ही आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस कार्यक्रम में सऊदी अरब से धार्मिक नेता भी शामिल हो रहे हैं।

यह कार्यक्रम 25 बीघा जमीन पर आयोजित किया जा रहा है, जिसके लिए 150 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा स्टेज तैयार किया गया है। इसमें 400 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस कार्यक्रम में 3 लाख से अधिक लोग जुटेंगे। लोगों के लिए 60 हजार से अधिक बिरयानी के पैकेट तैयार कराए गए हैं और व्यवस्था संभालने के लिए 3 हजार से अधिक स्वयंसेवक मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग-12 के करीब होने के कारण यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

बाबरी मस्जिद की नींव, राम मंदिर की शिला पूजा: बंगाल में धार्मिक टकराव की आहट

पश्चिम बंगाल में धार्मिक तनाव का माहौल गरमाता दिख रहा है, जहां एक निलंबित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) विधायक और एक भाजपा नेता ने एक ही दिन अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिसने राजनीतिक और धार्मिक...
By Dec 6, 2025

बाबरी मस्जिद की तर्ज पर बनेगी मस्जिद, निलंबित TMC MLA ने रखा नींव पत्थर

पश्चिम बंगाल के सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील जिले मुर्शिदाबाद में शनिवार को तनाव का माहौल देखा गया, जब निलंबित तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक हुमायूं कबीर ने भारी सुरक्षा के बीच एक बाबरी मस्जिद-शैली की मस्जिद...
By Dec 6, 2025

साझा करें