इंडिगो की 1000 से ज़्यादा उड़ानें रद्द, सामान्य होने में लगेंगे 5-10 दिन
घरेलू एयरलाइन इंडिगो गंभीर परिचालन संबंधी समस्याओं से जूझ रही है, जिसके कारण पिछले तीन दिनों में बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द हुई हैं। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स ने शुक्रवार को पहली बार इस मुद्दे पर बयान जारी करते हुए कहा कि सामान्य स्थिति बहाल होने में अभी 5 से 10 दिनों का समय लग सकता है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे रद्द हुई उड़ानों के लिए हवाई अड्डे न आएं, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
सीईओ एल्बर्स ने बताया कि 5 दिसंबर को सबसे ज्यादा असर पड़ा, जब 1000 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं, जो उनकी दैनिक उड़ानों का आधे से अधिक हिस्सा था। उन्होंने इस बड़े व्यवधान का कारण इंडिगो के पूरे परिचालन प्रणाली का पुनः आरम्भ (रीबूट) होना बताया।
एल्बर्स ने एक वीडियो संदेश में कहा, “मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि पिछले कुछ दिनों से हमें गंभीर परिचालन संबंधी बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। आज, 5 दिसंबर, सबसे अधिक प्रभावित दिन रहा, जब एक हजार से अधिक उड़ानें रद्द हुईं, जो हमारी दैनिक उड़ानों की संख्या का आधे से भी ज़्यादा है।”
उन्होंने आगे कहा, “परिचालन की पूरी बहाली में पांच से दस दिन लगने की उम्मीद है, और सेवाओं के धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद 10 से 15 दिसंबर के बीच है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ानों के अपडेट पर बारीकी से नज़र रखें।”
सीईओ ने इस व्यवधान के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा, “मैं इंडिगो की ओर से, अपने सभी ग्राहकों को हुई बड़ी असुविधा के लिए, उड़ानों में देरी या रद्दीकरण के कारण, अपनी हार्दिक क्षमा याचना व्यक्त करना चाहता हूं।”
यह घटनाक्रम ऐसे समय में आया है जब सरकार ने पहले शनिवार तक सामान्य स्थिति और सोमवार तक सेवाओं की पूरी बहाली का आश्वासन दिया था। कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी ने बताया कि स्थिति से निपटने के लिए तीन-सूत्रीय कार्य योजना तैयार की गई है।
