0

कटोरिया में 5 हजार के विवाद में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

By Dec 5, 2025

सुइया थाना क्षेत्र के भदरिया गांव में गुरुवार देर रात एक बार फिर पैसों के लेनदेन का विवाद खूनी साबित हुआ। सुरेश यादव के पुत्र रोहित यादव नामक एक मजदूर की लाठी-डंडों और पत्थरों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के पीछे पांच हजार रुपये के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है।

मृतक रोहित यादव कोलकाता में अशोक यादव के साथ मजदूरी करता था और उसने हाल ही में अपने मोबाइल पर पांच हजार रुपये मंगवाए थे। इसी पैसे के लेन-देन को लेकर उसका विवाद हुआ। सूत्रों के अनुसार, गुरुवार की रात कुछ लोगों ने रोहित को उसके घर से बाहर बुलाया और मौका पाकर आधी रात के बाद उसे घर से कुछ दूरी पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। मारपीट के दौरान गला दबाकर उसकी जान ले ली गई।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कन्हैया झा ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से अजीत यादव और एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

मृतक रोहित यादव की पत्नी जशोदा देवी ने इस घटना को लेकर मेहंदी गांव के अजीत यादव, अशोक यादव, बालमुकुंद यादव, उमेश यादव सहित पांच लोगों के खिलाफ सुइया थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

इस घटना के बाद मृतक की पत्नी जशोदा देवी, पांच वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी, ढाई वर्षीय पुत्री स्वीटी कुमारी, भाई प्रमोद कुमार सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें