नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती BMW में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार दोपहर एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार में अचानक आग लग गई। यह घटना पंचशील अंडरपास के पास हुई, जहां कार के बोनट से धुआं उठता देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब तीन बजे तब हुई जब दिल्ली के लाजपत नगर निवासी नरेश कौशल अपनी बीएमडब्ल्यू 730एलडी मॉडल की डीजल कार से ओखला स्थित कार्यालय से सेक्टर 82 काम के सिलसिले में आए थे। काम खत्म करने के बाद वह दिल्ली वापस जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार पंचशील अंडरपास के पास सर्विस रोड पर पहुंची, इंजन से तेज धुआं निकलने लगा। आसपास के अन्य वाहन चालकों ने भी हॉर्न बजाकर उन्हें सचेत किया।
चालक नरेश कौशल ने तुरंत कार की गति धीमी की और उसे सड़क किनारे रोका। कार से बाहर निकलते ही देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। उन्होंने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, सूचना मिलते ही अग्निशमन की एक गाड़ी मौके पर रवाना की गई। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।
कार मालिक नरेश कौशल ने बताया कि उन्होंने यह कार डेढ़ साल पहले खरीदी थी। उन्होंने आशंका जताई कि ग्रैप (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) लागू होने के कारण पिछले करीब 20 दिनों से कार खड़ी थी। संभवतः इस दौरान किसी चूहे ने तारों को काट दिया हो, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और कार में आग लग गई।
इस घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि, अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। कार के जलने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
