0

बांकेबिहारी मंदिर के गोस्वामी पर साले ने लगाया ज़मीन कब्ज़े और जानलेवा हमले का आरोप

By Dec 3, 2025

वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध बांकेबिहारी मंदिर के एक गोस्वामी पर उसके ही साले ने गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि गोस्वामी और उसकी पत्नी ने मिलकर लगभग 50 लाख रुपये कीमत की ज़मीन पर कब्ज़ा कर लिया है। इतना ही नहीं, जब पीड़ित ने अपने हिस्से की ज़मीन के पैसे मांगे तो उसे जान से मारने की कोशिश की गई।

अयोध्या के रहने वाले वेदप्रकाश शर्मा ने मंगलवार शाम को वृंदावन कोतवाली में अपनी बहन भीरा गोस्वामी और बहनोई ज्ञानेन्द्र किशोर गोस्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर के मुताबिक, वेदप्रकाश की माता के नाम कुल 5023.68 वर्ग फुट ज़मीन थी। बंटवारे के बाद वेदप्रकाश के हिस्से में 1674.56 वर्ग फुट ज़मीन आई थी।

वेदप्रकाश ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन भीरा गोस्वामी और बहनोई ज्ञानेन्द्र किशोर गोस्वामी, जो बांकेबिहारी मंदिर मार्ग पर रहते हैं, ने इस ज़मीन को तीन हजार रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से खरीदने का प्रस्ताव रखा था। इस सौदे की कुल राशि 50,23,680 रुपये तय हुई थी। विश्वास में आकर वेदप्रकाश ने अपनी हिस्से की ज़मीन को सीधे अपने नाम न करवाकर, दो सितंबर 2023 को अपनी बहन भीरा गोस्वामी के नाम करवा दिया था।

आरोप है कि ज़मीन बहन के नाम करने के बाद भीरा गोस्वामी और ज्ञानेन्द्र किशोर गोस्वामी ने तयशुदा धनराशि का भुगतान नहीं किया और ज़मीन पर कब्ज़ा कर लिया। जब वेदप्रकाश ने अपने पैसे मांगे तो दोनों टालमटोल करते रहे। बहन से बात करने पर वह अपने पति पर बात टाल देती, और बहनोई पैसों की बात पर कहता कि ज़मीन तो बहन के नाम है, उसी से बात करो।

वेदप्रकाश का आरोप है कि 29 नवंबर 2025 को जब वह पैसे मांगने के लिए अपनी बहन और बहनोई के घर गया, तो दोनों ने उससे गाली-गलौज की और मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की नीयत से उसका गला भी दबा दिया। मुश्किल से जान बचाकर वह वहां से भाग पाया। वेदप्रकाश ने यह भी आरोप लगाया है कि दोनों ने विश्वासघात करते हुए ज़मीन को अपने नाम कराकर धोखाधड़ी की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वर्तमान में मामले की गहन छानबीन की जा रही है। इस घटना से मंदिर के आसपास चर्चाओं का बाजार गर्म है, और भक्तों में भी इस तरह के आरोपों को लेकर हैरानी है।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

सनातन पदयात्री का कोसीकलां में भव्य स्वागत, हिन्दू राष्ट्र की मांग को किया समर्थन

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र शास्त्री द्वारा हिन्दू राष्ट्र घोषित करने की मांग को लेकर निकाली गई दिल्ली से वृंदावन की सनातन पदयात्रा में कोसीकलां के युवा बंदी बंसल की भागीदारी की हिन्दूवादी संगठनों ने...
By Dec 3, 2025

साझा करें