सरकारी गाड़ी में सरकारी अंदाज़ में बैठा कुत्ता, वीडियो वायरल
अलीगढ़ में मंगलवार को इंटरनेट पर एक वीडियो ने खूब सुर्खियां बटोरीं, जिसमें कलक्ट्रेट परिसर के भीतर एक सरकारी गाड़ी में कुत्ता आगे की सीट पर बैठा नजर आ रहा है। इस सरकारी वाहन का नंबर UP-14 G-0544 बताया जा रहा है। वीडियो कलक्ट्रेट सभागार के पास रिकॉर्ड किया गया है।
सरकारी वाहन में कुत्ते की मौजूदगी को लेकर आम जनता सोशल मीडिया पर जमकर तंज कस रही है। कई लोगों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही करार देते हुए व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वायरल हो रहे इस 23 सेकंड के वीडियो में कुत्ता किसी अधिकारी की तरह आराम से बैठा दिख रहा है, जिसने लोगों की उत्सुकता और आलोचना को और बढ़ा दिया है।
इंटरनेट पर कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि सरकारी गाड़ियों के असली मालिक बदल गए हैं, जबकि अन्य ने सवाल उठाया कि सरकारी वाहनों का इस्तेमाल इस तरह कैसे किया जा सकता है। इस मामले ने तब और तूल पकड़ा जब वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैलने लगा।
हालांकि, जिला स्तर पर अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह वाहन किस विभाग या अधिकारी से संबंधित है। फिलहाल, अधिकारी इस वाहन की पहचान और वीडियो की सत्यता की जांच कर रहे हैं। इस घटना ने निश्चित रूप से जिले में प्रशासनिक संवेदनशीलता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता ने बताया कि वीडियो के आधार पर इसकी पूरी जांच कराई जाएगी।
