एसपी ने किया अमांपुर थाने का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मंगलवार को थाना अमांपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों की बारीकी से जांच की। निरीक्षण में अभिलेखों को दुरस्त न मिलने पर उन्होंने संबंधित पुलिस कर्मियों पर नाराजगी जताई और भविष्य में इन्हें अद्यतन (अपडेट) रखने के सख्त निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई, साइबर सेल और महिला हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पीड़ित निराश नहीं लौटने चाहिए, अन्यथा संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मालखाना और शस्त्रागार का भी निरीक्षण कर उनकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के उपरांत, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने थाना परिसर में निर्माणाधीन पुलिसकर्मियों के आवासों का भी निरीक्षण किया और निर्माण की प्रगति जानी। इसके बाद, वह पुलिस बल के साथ कस्बा के बाजारों में पैदल भ्रमण पर निकलीं। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों से सीधे बातचीत की, उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें सुरक्षा का पूर्ण भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सर्दी के मौसम को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष को बाजारों में अतिरिक्त गश्त बढ़ाने और शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस हर समय जनता की सेवा के लिए तत्पर है। इस निरीक्षण के दौरान सीओ सहावर शाहिदा नसरीन, थानाध्यक्ष दिनेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
