0

मार्गशीर्ष द्वादशी पर श्रद्धालुओं ने किया शाही स्नान, मंदिर से बांटे गए सिक्के

By Dec 2, 2025

तीर्थ नगरी में चल रहे मार्गशीर्ष मेला का उत्साह अपने चरम पर है। मंगलवार को मेला के दूसरे बड़े स्नान पर्व द्वादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने हरिपदी गंगा में पवित्र स्नान किया। इस अवसर पर वराह मंदिर के महंत स्वामी विदेहानंद ने भी हरिपदी गंगा में शाही स्नान किया।

मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे महंत स्वामी विदेहानंद और अन्य साधु-संत मंदिर से निकलकर हरिपदी गंगा की ओर बढ़े। जैसे ही उन्होंने गंगा में डुबकी लगाई, हरिपदी घाट पर मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर गंगे’ के जयकारे लगाए। महंत के शाही स्नान के बाद, घाट पर मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने भी आस्था की डुबकी लगाई और धार्मिक अनुष्ठान किए। दोपहर तक यह सिलसिला जारी रहा।

शाही स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने वराह मंदिर जाकर भगवान वराह के दर्शन किए। इस दौरान, महंत स्वामी विदेहानंद ने मंदिर के खजाने से श्रद्धालुओं के बीच चांदी के सिक्के वितरित किए। इन सिक्कों को प्राप्त करने के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया। ऐसी मान्यता है कि महंत द्वारा वितरित किए गए इन सिक्कों को घर के मंदिर में रखने से परिवार में सुख, शांति और खुशहाली बनी रहती है। यह परंपरा वर्षों से निभाई जा रही है, जहाँ महंत शाही स्नान के बाद भक्तों को ये शुभ सिक्के प्रदान करते हैं।

इस बीच, मार्गशीर्ष द्वादशी के शाही स्नान पर्व के बाद भगवान वराह की एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। तीर्थ नगरी के लोगों ने बैंडबाजों और झांकियों के साथ निकली इस शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा और आरती उतारकर स्वागत किया। शोभायात्रा का शुभारंभ वराह मंदिर से हुआ और इसने मोहल्ला चक्रतीर्थ, बारूबाजार, चौसठ, बड़ा बाजार, रामसिंहपुरा, चंदन चौक से होते हुए बस स्टैंड तक नगर भ्रमण किया। अंत में शोभायात्रा का समापन पुनः वराह मंदिर पर हुआ। इस अवसर पर सेवायत नरेश त्रिगुणायत, मुकेश निर्भय, शिवम पुजारी, राघव बरवारिया चाकर, सुनील तिवारी, ब्रजेश उपाध्याय, लालजी निर्भय, शरद पांडेय, अशोक पांडेय, हेमंत त्रिगुणायत, दयाशंकर तिवारी, शिव शंकर, सोमांशु निर्भय, सक्षम द्विवेदी, प्रज्ञेश द्विवेदी, प्रद्युम्न निर्भय सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।

शाही स्नान और शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ हरिपदी गंगा घाट और शोभायात्रा के मार्ग पर तैनात रहे। पुलिस ने मेला क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों पर भी कड़ी नजर रखी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें