अलीगढ़ में शादी समारोह में बवाल: बिन बुलाए मेहमानों पर फायरिंग, दो हिरासत में
अलीगढ़ के गांधीपार्क क्षेत्र में स्थित LD ग्रेविटी फार्म हाउस में सोमवार को एक विवाह समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिन बुलाए मेहमानों और बरातियों के बीच कहासुनी मारपीट और फायरिंग तक जा पहुंची। घटना अकराबाद निवासी दूल्हा-दुल्हन के विवाह की थी, तभी जसरथपुर निवासी आशीष उपाध्याय, बबलू जादौन उर्फ राइडर, अनुज, छोटू और एक अन्य व्यक्ति शादी समारोह में घुस गए।
समारोह में मौजूद कुछ लोगों को उनकी हरकतें संदिग्ध लगीं, जिस पर उन्होंने उनसे उनकी पहचान पूछी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही लात-घूसे चलने तक पहुंच गई। इसी बीच, अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और भगदड़ मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आशीष उपाध्याय और बबलू जादौन उर्फ राइडर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों के पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार किए गए दो व्यक्तियों के साथ ही जसरथपुर निवासी अनुज, भूड़ा किशनगढ़ी निवासी छोटू और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन टीम बाल-बाल बच गई।
इंस्पेक्टर राजवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी बिना बुलाए ही किसी की तलाश में शादी समारोह में घुसे थे और बरातियों से उनकी झड़प हो गई। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और उनसे जुड़े अन्य सुराग खंगाल रही है।
