मृणाल ठाकुर ने डेटिंग की अफवाहों पर कसा तंज, कहा- ‘फ्री पीआर’
बॉलीवुड अभिनेत्री मृणाल ठाकुर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। जहां कुछ समय पहले उनके धनुष के साथ अफेयर की खबरें सोशल मीडिया पर छाई हुई थीं, वहीं अब एक नए क्रिकेटर के साथ उनके नाम को जोड़ा जा रहा है। हाल ही में एक रेडिट पोस्ट वायरल हुई है, जिसमें दावा किया गया है कि मृणाल ठाकुर पिछले कुछ महीनों से भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर को डेट कर रही हैं और दोनों इस रिश्ते को काफी लो-प्रोफाइल रख रहे हैं।
इन अफवाहों के बीच, मृणाल ठाकुर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की है, जिसमें वह अपनी मां के साथ नजर आ रही हैं। इस पोस्ट में वह अपनी मां से चंपी करवा रही हैं और हंस रही हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘वे बोलते हैं, हम हंसते हैं। पी.एस. अफवाहें फ्री पीआर हैं और मुझे मुफ्त की चीजें पसंद हैं!’ इस मजाकिया अंदाज में उन्होंने साफ कर दिया कि इन अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है और वह इन्हें ‘फ्री पब्लिसिटी’ मानती हैं।
वायरल हुई रेडिट पोस्ट के अनुसार, मृणाल और श्रेयस अय्यर कई महीनों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और अपने रिश्ते को मीडिया की नजरों से बचाकर रखना चाहते हैं। पोस्ट में यह भी कहा गया था कि उनका रिश्ता अभी शुरुआती दौर में है। हालांकि, मृणाल की इस हालिया पोस्ट ने इन सभी कयासों पर विराम लगा दिया है।
काम की बात करें तो मृणाल ठाकुर जल्द ही ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में नजर आएंगी, जिसका निर्देशन डेविड धवन कर रहे हैं। इस फिल्म में वह वरुण धवन, पूजा हेगड़े, मौनी रॉय जैसे सितारों के साथ दिखेंगी। इसके अलावा, वह सिद्धार्थ चतुर्वेदी के साथ रोमांटिक ड्रामा ‘दो दीवाने शहर में’ में भी दिखाई देंगी, जिसका प्रीमियर फरवरी 2026 में होना तय है। मृणाल अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर काफी उत्साहित हैं और अपने प्रशंसकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं।
