0

बिजनौर में लाखों की चोरी, बंद मकान से 25 लाख के जेवर गायब

By Dec 1, 2025

बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई है। मुहल्ला मुफ्तियान निवासी मोहम्मद आजम के बंद पड़े मकान से चोरों ने लाखों रुपये के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, मकान मालिक मोहम्मद आजम देहरादून में चालक के पद पर कार्यरत हैं और परिवार सहित वहीं रहते हैं। उनका एक बेटा समीर धामपुर में रहता है, जबकि किरतपुर स्थित मकान का ऊपरी हिस्सा दो किरायेदारों इमरान और बंटी को किराए पर दिया गया है। मकान का मुख्य हिस्सा बंद रहता है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब मकान मालिक के बेटे अनस शनिवार शाम करीब चार बजे किरतपुर आए। उन्होंने देखा कि घर के अंदर से करीब 20 तौले सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है, गायब हैं। इस सूचना पर आनन-फानन में मकान मालिक मोहम्मद आजम भी रात 11 बजे किरतपुर पहुंचे। उन्होंने तत्काल पुलिस को चोरी की घटना की जानकारी दी।

सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी, जिसमें सीओ नजीबाबाद नितेश प्रताप सिंह और थाना प्रभारी भी शामिल थे, मौके पर पहुंचे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मकान मालिक और उनके बेटों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में कुछ बातें संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं। सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि मकान मालिक को चोरी का पता शनिवार शाम को चला था, लेकिन उन्होंने पुलिस को रविवार सुबह 11 बजे सूचना दी। इस देरी के कारणों की भी जांच की जा रही है। मकान मालिक के बेटे समीर को धामपुर से बुलाकर उनसे भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि चोरी का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा और चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है, खासकर उन लोगों में जिनके मकान खाली रहते हैं या जिनमें कीमती सामान रखा है। इससे पहले भी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें