कुरुक्षेत्र NIT में बीटेक छात्र की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
कुरुक्षेत्र के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से संस्थान में हड़कंप मच गया है। इंदौर निवासी कुंदन नामक इस छात्र की तबीयत रविवार दोपहर खाना खाने के बाद अचानक बिगड़ गई।
छात्र की हालत गंभीर होता देख उसे तुरंत एंबुलेंस से लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने छात्र का इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी और उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थर्ड गेट पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि छात्र की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण उसकी मौत हुई है। छात्र के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना भेज दी गई है। उनके यहां पहुंचने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस छात्र की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटी है। इस घटना ने संस्थान के छात्रों और प्रबंधन को झकझोर दिया है।
