सीएम योगी का गोरखपुर में जनता दरबार: हर समस्या का होगा समाधान, न घबराएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में अपने प्रवास के दौरान रविवार को भी जनता दरबार लगाया, जहाँ उन्होंने आमजन की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 200 लोगों ने अपनी फरियाद मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, ‘घबराइए मत, हर समस्या का समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। हर पीड़ित की शिकायत का प्रभावी निस्तारण कराया जाएगा।’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और उसका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण तथा पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी को भी चिंता करने या परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में कुछ लोगों द्वारा जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें भी सामने आईं। इस पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, ‘किसी भी गरीब की जमीन पर यदि कोई कब्जा करने की कोशिश करे तो उसे ठीक से सबक सिखाया जाए। गरीब की जमीनों पर दबंग या माफिया का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’ उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी प्रकरण में पीड़ित को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ा है, तो उसकी जांच कर जवाबदेही भी तय की जाए।
मुख्यमंत्री ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए लोगों को भी मदद का भरोसा दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज के लिए अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराकर शासन में भेजें, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जा सके। एक महिला द्वारा किडनी के इलाज के लिए डायलिसिस हेतु धनराशि की अनुपलब्धता बताने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल अफसरों को पैसे की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया और महिला को ढांढस बंधाते हुए कहा, ‘घबराओ मत, उपचार की पूरी व्यवस्था कराई जाएगी।’
जनता दर्शन में आई अंबेडकरनगर की एक महिला ने अपने बच्चे के साइकिल सहित लापता होने की पीड़ा बताई। मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण को अत्यंत संवेदनशीलता से लेने और बच्चे का पता लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ आए बच्चों पर स्नेह भी बरसाया और उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।
