नौसेना कर्मी से 1.39 लाख की साइबर ठगी, गैस कनेक्शन अपडेट का झांसा देकर लगाया चूना
गुरुग्राम में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें भारतीय नौसेना के एक कर्मचारी को निशाना बनाया गया है। गैस कनेक्शन अपडेट कराने के बहाने धोखेबाजों ने न केवल नौसेना कर्मी की निजी जानकारी हासिल की, बल्कि उनके बैंक खाते से 1.39 लाख रुपये भी उड़ा लिए।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में नौसेना में तैनात सुखबीर सिंह, जो खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के कांकरौला गांव के निवासी हैं, ने हाल ही में साइबर थाने मानेसर में इस धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। घटना 26 नवंबर को हुई, जब सुखबीर सिंह अपने घर पर थे। उन्हें वाट्सएप पर एक अनजान नंबर से मैसेज मिला, जिसमें उनके गैस कनेक्शन को काटे जाने की सूचना दी गई थी।
मैसेज में गैस कनेक्शन अपडेट करने के संबंध में ‘मिस्टर देवेश’ नामक व्यक्ति का जिक्र करते हुए एक नंबर भी दिया गया था। जब सुखबीर सिंह ने उस नंबर पर संपर्क किया, तो दूसरी ओर से मौजूद व्यक्ति ने गैस कनेक्शन को अपडेट करने की प्रक्रिया बताई और उन्हें एक एपीके फाइल वाट्सएप पर भेज दी।
जल्दबाजी या धोखे का अहसास न होने के कारण, सुखबीर सिंह ने गलती से उस एपीके फाइल पर क्लिक कर दिया। फाइल खोलते ही उनका फोन हैक हो गया। कुछ ही देर बाद, जब उनका फोन ठीक हुआ, तो उन्होंने पाया कि उनके बैंक खाते से लगभग 1.39 लाख रुपये निकाले जा चुके थे। इस घटना ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, खासकर जब ठग सेना जैसे प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान के कर्मचारियों को भी निशाना बना रहे हैं।
