नालंदा में दिनदहाड़े सीएसपी संचालक से 3 लाख की लूट, पुलिस जांच में जुटी
नालंदा जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब भारत गैस एजेंसी कार्यालय के पास स्थित एसबीआई सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) के संचालक रामाशीष प्रसाद से दिनदहाड़े तीन लाख रुपये की लूट हो गई। यह घटना सुबह लगभग दस बजे हुई जब रामाशीष प्रसाद अपनी सीएसपी खोलने के लिए रोज की तरह बैग लेकर पहुंचे थे।
सूत्रों के अनुसार, जैसे ही रामाशीष प्रसाद ने सीएसपी का दरवाजा खोलने के लिए कदम बढ़ाया, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश आ धमके। उन्होंने फौरन पिस्तौल निकालकर रामाशीष प्रसाद पर तान दी और जान की धमकी देते हुए उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग झपट लिया। यह पूरी घटना कुछ ही पलों में हुई और बदमाश तेजी से बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित संचालक ने बताया कि बैग में लगभग तीन लाख रुपये नकद के अलावा बैंक से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण चेक और अन्य दस्तावेज भी मौजूद थे। इस लूट की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही परवलपुर थाना पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की तस्वीर कैद हुई है और उनकी पहचान की जा रही है। पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में नाकेबंदी भी शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पीड़ित रामाशीष प्रसाद उर्फ छोटे यादव ने यह भी बताया कि दोनों बदमाश संभवतः पहले से ही सीएसपी की रेकी कर रहे थे और उन्हें पिछले दो-तीन दिनों से सीएसपी के आसपास देखा गया था।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हो गया है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके बाद मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
