मणिपुर: म्यांमार सीमा पर गोलीबारी, असम राइफल्स के चार जवान घायल
मणिपुर के टेंग्नौपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा पर शुक्रवार को आतंकवादियों ने असम राइफल्स के गश्ती दल पर हमला कर दिया, जिसमें चार जवान घायल हो गए। यह घटना सैबोल गांव के पास, बॉर्डर पिलर नंबर 87 के निकट हुई। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में असम राइफल्स के चार जवान जख्मी हो गए।
घायल जवानों को तत्काल प्रभाव से एयरलिफ्ट कर लेइमाखोंग स्थित एक सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया कि सैनिकों ने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संयम और नियंत्रण के साथ जवाबी कार्रवाई की।
टेंग्नौपाल जिले का यह खुला सीमावर्ती इलाका आतंकवादियों की गतिविधियों के लिए जाना जाता है, और इसी क्षेत्र में यह हमला हुआ है। घटना के तुरंत बाद, सुरक्षा बलों ने इलाके में अपनी मौजूदगी बढ़ा दी है और व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हमलावरों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है।
इस घटना ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, किसी भी उग्रवादी संगठन ने अभी तक इस हमले की जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
