पुलिस पर गोली चलाकर भागा बदमाश, खेतों में गिरा, गिरफ्तार
थाना फतेहगढ़ चूड़ियां की पुलिस ने असला और एक अन्य मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने पुलिस पार्टी पर गोली चलाकर और कार भगाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन अनियंत्रित होकर खेतों में जा गिरा, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुलविंदर मसीह नामक आरोपी, जो दो मामलों में वांछित है, डेरा बाबा नानक रोड की तरफ से कार में सवार होकर भगत रवि दास चौक की ओर आ रहा है।
जैसे ही पुलिस पार्टी ने कार को रुकने का इशारा किया, चालक ने तेज रफ्तार से नाका तोड़कर बटाला रोड की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल कार का पीछा शुरू कर दिया। डेरा रोड पर मालेवाल रजबाहे के पास जब पुलिस ने फिर से कार को रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर गोली चला दी और कार और तेज भगा ली।
थोड़ा आगे जाकर मौलवी कोर्ट के पास आरोपी की कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेतों में जा गिरी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी कुलविंदर मसीह को कार से बाहर निकालकर काबू कर लिया।
पुलिस की तलाशी के दौरान, कार की कंडक्टर सीट के पास से एक 30 बोर की पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल के मैगजीन में पांच जिंदा कारतूस और चेंबर में एक जिंदा कारतूस मिला।
इस संबंध में डीएसपी विपन कुमार और थाना प्रभारी सुरिंदरपाल सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
