0

एक लाख का इनामी माओवादी ‘असुर’ गिरफ्तार, रविंद्र गंझू का खास सहयोगी दबोचा गया

By Nov 28, 2025

लोहरदगा जिले की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुडू थाना क्षेत्र से एक लाख रुपये के इनामी भाकपा माओवादी दस्ता के सदस्य राजा हेमंत असुर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार माओवादी के पास से एक देसी कट्टा और दस कारतूस भी बरामद हुए हैं।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक लाख का इनामी माओवादी राजा हेमंत असुर, जो कुख्यात माओवादी रविंद्र गंझू का सहयोगी है, संगठन के विस्तार के उद्देश्य से लोहरदगा और लातेहार जिले की सीमावर्ती इलाके में घूम रहा है। इस सूचना के सत्यापन के बाद, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुडू-चंदवा मार्ग के जंगली इलाके में घेराबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम राजा हेमंत असुर उर्फ राजन असुर बताया।

तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में राजा हेमंत असुर ने स्वीकार किया कि वह भाकपा माओवादी संगठन का सदस्य है और उसने लोहरदगा, गुमला और लातेहार जिलों में हुई लगभग दो दर्जन माओवादी घटनाओं में अपनी संलिप्तता कबूल की है। इन घटनाओं में पुलिस मुठभेड़, लेवी वसूली, आगजनी, हत्या और सड़क निर्माण कार्यों पर हमले जैसी गंभीर वारदातें शामिल हैं। वह लोहरदगा जिले में आठ, गुमला में सात और लातेहार जिले में चार मामलों में नामजद आरोपी है।

पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता में बताया कि राजा हेमंत असुर वर्ष 2021 से माओवादी संगठन के साथ सक्रिय था और रिजनल कमांडर रविंद्र गंझू के दस्ते में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। वह न केवल रविंद्र गंझू का विश्वसनीय सहयोगी था, बल्कि संगठन के विस्तार, हथियार पहुंचाने और दस्ते के संचालन में भी अहम भूमिका निभाता था।

इस गिरफ्तारी के बाद राजा हेमंत असुर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरफ्तारी के आधार पर रविंद्र गंझू सहित अन्य सक्रिय माओवादियों के ठिकानों और गतिविधियों का पता लगाने के लिए छापेमारी तेज कर रही है। पुलिस का मानना है कि इस एक लाख के इनामी माओवादी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने में बड़ी मदद मिलेगी और उग्रवादी नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के प्रयास जारी रहेंगे।

About Amit Sagar

Journalist covering latest updates.

साझा करें