रायसेन रेप केस: आरोपी सलमान का एनकाउंटर, पुलिस की गोली से घायल
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान को पुलिस ने गुरुवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार करने के बाद जब गौहरगंज ले जाया जा रहा था, तब रास्ते में उसने भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर को आरोपी सलमान ने कथित तौर पर एक 6 साल की बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर जंगल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश था और लोग आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि घटना के 6 दिन बाद गुरुवार रात को आरोपी सलमान को भोपाल के गांधी नगर इलाके से हिरासत में लिया गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जंगलों के रास्ते पैदल ही भोपाल पहुंचा था और वहीं छिपा हुआ था। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस उसे गौहरगंज ले जा रही थी, तब औबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में उनकी गाड़ी पंक्चर हो गई। इसी दौरान, रात करीब 3-4 बजे जब आरोपी को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया जा रहा था, तब उसने एसआई श्यामराज सिंह की बंदूक छीनकर फायर करने और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे रोकने के लिए उसके पैर में गोली चला दी।
इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी चिंता जताई थी। आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी और चक्काजाम जैसे प्रदर्शनों पर पुलिस की कार्रवाई से नाराज मुख्यमंत्री ने रायसेन के तत्कालीन एसपी पंकज पांडेय को पद से हटाकर पुलिस हेडक्वार्टर अटैच करने का निर्देश दिया था। उनकी जगह आशुतोष गुप्ता को नया एसपी बनाया गया है। बच्ची को इलाज के लिए भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी पर 30 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।
