शादी समारोह में शामिल होने आया युवक लापता, पांच दिन बाद तालाब में मिला शव
एट थाना क्षेत्र के ग्राम खरुसा में एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ शादी समारोह में शामिल होने आए एक युवक का शव पांच दिनों की तलाश के बाद गांव के तालाब में मिला है। मृतक की पहचान 37 वर्षीय मनोज वाल्मीकि के रूप में हुई है, जो रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम टीहर का निवासी था।
सूत्रों के अनुसार, मनोज वाल्मीकि अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए 22 नवंबर को ग्राम खरुसा आया था। उसी रात वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसे अगले दिन तक खोजने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
मनोज के पिता मुन्नालाल ने 24 नवंबर को एट थाने में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही उसकी तलाश जारी थी। गुरुवार की सुबह लगभग 9 बजे, जब ग्रामीणों ने गांव के तालाब में एक शव उतराता देखा, तो उन्होंने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही एट थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
