पॉलिसी का झांसा देकर साइबर ठगों ने की 12.62 लाख की ठगी
साइबर अपराधियों ने एक बार फिर अपनी पैठ बनाते हुए बुलंदशहर के अहार थाना क्षेत्र के गांव सिहालीनगर निवासी अंकुर सिंह को पॉलिसी में मोटी रकम का मुनाफा दिलाने का सब्जबाग दिखाकर करीब 12.62 लाख रुपये की ठगी का शिकार बना डाला है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अंकुर सिंह के पिता के पास एक पॉलिसी थी। गत सितंबर माह में उनके पिता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को पॉलिसी कंपनी का अधिकारी बताया और कहा कि पॉलिसी की किश्त टूट गई थी, लेकिन अब कंपनी पूरे मुनाफे के साथ रकम वापस दे रही है। ठग ने अंकुर सिंह से आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो और एक फार्म भरकर ईमेल करने को कहा।
विश्वास में आकर अंकुर सिंह ने मांगी गई जानकारी साझा कर दी। इसके बाद ठग ने बीमा राशि प्राप्त करने के लिए 22,830 रुपये की फीस जमा करने के नाम पर पैसे मांगने शुरू कर दिए। धीरे-धीरे, आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में कुल 12,62,000 रुपये की रकम अलग-अलग किश्तों में ट्रांसफर करा ली। इसमें 37,500, 52,300, 46,228, 65,850, 84,391, 55,295, 70,870, 20,000, 51,756, 1,00,000, 91,888, 34,539, 95,000, 95,100, 84,218, 87,200, 30,096, 90,000 और 47,500 रुपये शामिल हैं।
ठग यहीं नहीं रुका और अभी भी अंकुर सिंह पर 80 हजार रुपये और ट्रांसफर करने के लिए दबाव बना रहा था। जब अंकुर सिंह को शक हुआ और उन्होंने अपनी बीमा कंपनी में जाकर संपर्क किया, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तत्काल पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (सिटी) शंकर प्रसाद ने बताया कि थाना साइबर क्राइम में ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की टीम इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे अनजान कॉल्स और प्रस्तावों से सावधान रहें और अपनी गोपनीय जानकारी किसी भी अजनबी के साथ साझा न करें। साइबर अपराधों में हो रही वृद्धि को देखते हुए सतर्कता ही बचाव है।
