0

उत्कृष्ट कार्य के लिए 6 बीएलओ सम्मानित, डीएम-एसडीएम ने की सराहना

By Nov 27, 2025

रामपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची के कार्य, सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन को तीव्रता से संचालित करने में सराहनीय योगदान देने वाले छह बीएलओ को सम्मानित किया गया है। इन बीएलओ ने अपने कार्यों को केवल एक ज़िम्मेदारी नहीं, बल्कि लगन और निष्ठा के साथ पूरा किया, जिससे जमीनी स्तर पर निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने में मदद मिली।

गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक सम्मान समारोह में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार वर्मा ने इन बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 अभियान में अपने-अपने बूथों पर 100 प्रतिशत कार्य, समय से पूर्व और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के लिए प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी ने सम्मानित बीएलओ के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उत्कृष्ट कार्य करने वाले साथियों का गौरव बढ़ाता है, बल्कि अन्य सभी बीएलओ के मनोबल को मजबूत करने वाला एक प्रेरणास्रोत भी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सटीक, पारदर्शी तथा त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली के निर्माण में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज सम्मानित बीएलओ ने जो मेहनत, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी का आदर्श प्रस्तुत किया है, वह अन्य सभी बीएलओ साथियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगा। उन्होंने जनपद के सभी बीएलओ से अपील की कि इसी उत्साह, ईमानदारी और समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनपद को प्रदेश में उत्कृष्ट श्रेणी में स्थापित करें।

सम्मानित होने वाले बीएलओ में विधानसभा क्षेत्र 34 के बूथ 138 पर तैनात राजेन्द्र कुमार सागर, बूथ 135 की विमला, बूथ 06 पर तैनात हितेन्द्र सिंह पाल, विधानसभा क्षेत्र 35-चमरौआ के बूथ 52 पर परवेज खान, विधानसभा क्षेत्र 36-बिलासपुर के बूथ 200 पर सुनीता जैन, और विधानसभा क्षेत्र 38 मिलक के बूथ 101 पर राजवीर सिंह शामिल हैं। इन सभी ने अपने-अपने बूथों पर शत-प्रतिशत कार्य समय से पहले पूरा किया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण के अंतर्गत गणना प्रपत्रों का वितरण, संकलन और डिजिटाइजेशन का कार्य चार दिसंबर तक चलेगा। चार नवंबर से बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और मतदाताओं से इन्हें भरकर प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना गणना प्रपत्र चार दिसंबर से पूर्व भरकर बीएलओ को उपलब्ध करा दें, अन्यथा उनका नाम मतदाता सूची से वंचित रह सकता है। यह सुनिश्चित करेगा कि मतदाता सूची त्रुटिरहित और अद्यतन रहे, जिससे आगामी चुनावों में प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें