संबलपुर में 20 करोड़ की ठगी: ‘ए एंड ए इंटरप्राइजेज’ का मालिक गिरफ्तार
संबलपुर शहर में एक बार फिर निवेशकों को मालामाल बनाने का सब्जबाग दिखाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक व्यक्ति का भंडाफोड़ हुआ है। स्थानीय पुलिस ने इस मामले में ‘ए एंड ए इंटरप्राइजेज इन्वेस्टमेंट एंड रिटर्न्स’ नामक कंपनी के मालिक मधुसूदन बरेई को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने 47 निवेशकों को 20 करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगाया है।
पुलिस के अनुसार, खेतराजपुर थाना अंतर्गत चंदन नगर निवासी 36 वर्षीय मधुसूदन बरेई ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस कॉलेज चौक के पास अपनी फर्जी कंपनी खोली थी। वह निवेशकों को अधिक मुनाफा देने का लालच देकर उनसे पैसे ऐंठ रहा था। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, मधुसूदन पहले हैदराबाद में एक आईटी कंपनी में काम करता था, लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान संबलपुर लौटने के बाद उसने वर्ष 2023 में यह ठगी का जाल बिछाया।
हाल ही में, राजकुमार पंडा नामक एक निवेशक द्वारा ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस हरकत में आई। सदर थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और मधुसूदन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कार्यालय से कंप्यूटर मॉनिटर्स, सीपीयू, कीबोर्ड, माउस, विभिन्न बैंकों के मॉनिटर, फर्जी एग्रीमेंट के दस्तावेज और पावती रसीदें जब्त की हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश भामू ने एक प्रेसवार्ता में बताया कि अब तक की जांच में 47 निवेशकों से 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की पुष्टि हुई है। हालांकि, कुछ निवेशकों का दावा है कि ठगी की यह राशि करीब 50 करोड़ रुपये तक हो सकती है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि ठगी की गई राशि मधुसूदन, उसकी पत्नी और मां के बैंक खातों में जमा की जाती थी। निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए उन्हें बाकायदा फर्जी एग्रीमेंट और रसीदें भी दी जाती थीं, ताकि वे कंपनी पर भरोसा कर सकें। पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है ताकि ठगी के इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
