मेरठ में संपत्ति विवाद: छोटे भाई ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट, शादी का माहौल मातम में बदला
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में संपत्ति का विवाद रिश्तों में जहर घोल गया। भगवतपुरा निवासी विशपाल वर्मा के तीन बेटों, दिग्विजय, सचिन और दीपक में प्रॉपर्टी को लेकर लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। बुधवार रात को यह विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई दीपक वर्मा उर्फ कुक्की ने अपने बड़े भाई सचिन वर्मा की सब्ज़ी काटने वाले चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात को दीपक का सचिन की पत्नी शिवानी वर्मा से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दीपक ने शिवानी को अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी। जब सचिन काम से घर लौटा और उसने पत्नी से आपबीती सुनी तो उसने दीपक का विरोध किया। इसी बात पर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी बीच, दीपक ने पास पड़ा सब्ज़ी काटने वाला चाकू उठाया और सचिन पर हमला कर दिया। चाकू लगने से सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार वालों ने घायल सचिन को आनन-फानन में केएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे मलियाना फ्लाईओवर के पास स्थित साईं अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भी उसे मृत पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्यारोपित छोटे भाई दीपक वर्मा को गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया।
सचिन की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है। उसकी पत्नी शिवानी, बेटी कीर्ति और बेटों वाशु व हानू का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए यह दुखद घटना इसलिए भी अधिक पीड़ादायक है क्योंकि आगामी 30 नवंबर को बड़े भाई दिग्विजय वर्मा के बेटे मयंक की शादी होनी है। शादी की खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस अनहोनी घटना ने सारे उत्सव पर ग्रहण लगा दिया है। परिवार में खुशियों की जगह मातम का माहौल है।
केबीसी में मेरठ की शुभ्रा ने जीते 7.5 लाख, बिग बी ने की योग्य वर मिलने की भविष्यवाणी
मेरठ बनेगा महाभारतकालीन हस्तिनापुर का प्रवेश द्वार, शहर को मिलेगा नया स्वरूप
50 लाख की सुपारी लेने वाला नशा मुक्ति केंद्र संचालक आशीष गिरफ्तार
मेरठ में युवतियों से छेड़छाड़, मनचलों की लोगों ने की जमकर धुनाई
मतदाता सूची से कट जाएगा नाम, 28 नवंबर तक जमा करें गणना प्रपत्र
