गोमो स्टेशन पर आरपीएफ जवान की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत, यात्रियों ने की जांच की मांग
धनबाद रेल मंडल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो स्टेशन पर गुरुवार को एक अत्यंत दुखद घटना में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हेड कांस्टेबल श्रीपति बास्की (40) की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब श्री बास्की अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए स्टेशन पर मौजूद थे।
घटना के अनुसार, श्रीपति बास्की हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस में एस्कॉर्ट ड्यूटी के लिए गोमो से गया जाने वाले थे। हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर खड़ी थी। इसी दौरान, प्लेटफॉर्म संख्या 3 से गंगा सतलज एक्सप्रेस रवाना हो रही थी। श्री बास्की फुट ओवरब्रिज का उपयोग कर प्लेटफॉर्म 3 पर पहुंचे। जब उन्होंने गंगा सतलज एक्सप्रेस को खुलते देखा, तो उन्हें गलतफहमी हुई कि हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस ही खुल रही है।
ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में, श्री बास्की ने दौड़कर ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास किया। इसी क्रम में उनका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिर गए। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना की जांच की मांग की है। कुछ यात्रियों का आरोप है कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद किसी लोहे की वस्तु या उखड़ी हुई टाइल्स के कारण श्री बास्की का पैर फिसला होगा, जिससे यह दुर्घटना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर संतोष कुमार झा, रेल थानेदार शाहजहां खान और सब-इंस्पेक्टर आलोक आनंद तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर रेल थाने में रखवाया और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, मृतक श्रीपति बास्की पूर्व में धनबाद डीआरएम के बॉडीगार्ड के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। इस घटना ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को झकझोर कर रख दिया और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
