कोलकाता एयरपोर्ट पर इंडिगो की 76 उड़ानें रद्द, यात्रियों का फूटा गुस्सा
कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को इंडिगो की 76 उड़ानें अचानक रद्द कर दी गईं। हवाई अड्डे के अधिकारियों के अनुसार, इन रद्द उड़ानों में से 53 कोलकाता से रवाना होने वाली थीं, जबकि 23 उड़ानें यहां उतरने वाली थीं। यह लगातार तीसरा दिन था जब इंडिगो ने बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द कीं; शनिवार को 41 और शुक्रवार को 47 उड़ानें रद्द हुई थीं।
यात्रियों को इस मनमानी से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने शिकायत की कि उन्हें उड़ान के समय में कई बार बदलाव की सूचना मिली, और जब वे हवाई अड्डे पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि उड़ान रद्द हो चुकी है। एक यात्री ने बताया कि मुंबई जाने के लिए उनकी उड़ान तीन बार बदली गई और अंत में रद्द कर दी गई। अगली उपलब्ध टिकट की कीमत पुरानी टिकट से तीन गुना अधिक थी, जिससे यात्रियों का गुस्सा भड़क उठा।
