उत्तर प्रदेश दिवस पर 5 सितारों का सम्मान, अमित शाह करेंगे उद्घाटन; UP गौरव सम्मान 2026
उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का भव्य समारोह राजधानी लखनऊ के नवनिर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस समारोह का उद्घाटन शनिवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाली पांच विशिष्ट विभूतियों को ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26’ से सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष अंतरिक्ष विज्ञान, शिक्षा, साहित्य, महिला सशक्तिकरण और कृषि जैसे विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
अंतरिक्ष विज्ञान में ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शुभांशु शुक्ला को सम्मानित किया जाएगा। लखनऊ निवासी अंतरिक्षयात्री एवं भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर पहुंचकर इतिहास रचा है। उनकी यह उपलब्धि भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली है।
शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले अलख पांडेय को भी यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। प्रयागराज निवासी पांडेय ने ‘फिजिक्स वाला’ यूट्यूब चैनल और ऐप के माध्यम से करोड़ों छात्रों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई है, जिससे शिक्षा अधिक समावेशी और लोकतांत्रिक बनी है।
साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. हरिओम पंवार को सम्मानित किया जाएगा। मेरठ महाविद्यालय में विधि के प्रोफेसर रहे डॉ. पंवार की रचनाएं समाज को जागृत करती हैं और उनकी साहित्यिक कृतियों से होने वाली आय का उपयोग गरीब बच्चों की शिक्षा और वंचित वर्ग के कल्याण में किया जाता है।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रश्मि आर्य को गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। मेरठ में श्रीमद् दयानंद आर्य कन्या गुरुकुल की स्थापना करने वाली रश्मि आर्य का गुरुकुल वैदिक संस्कृति और आधुनिक शिक्षा का सुंदर समन्वय है, जहां 600 से अधिक जरूरतमंद बच्चियों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है।
कृषि विज्ञान में विशिष्ट उपलब्धियों के लिए वाराणसी निवासी डॉ. सुधांशु सिंह को यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। फ्लड-टॉलरेंट सब-1 चावल पर उनके शोध ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है और उन्होंने सस्टेनेबल एग्रीकल्चर को नई दिशा दी है।
उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान संस्कृति विभाग द्वारा उन विभूतियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। यह सम्मान प्रदेश की प्रतिभा और प्रेरणा का प्रतीक है।
कानपुर में हवाला रैकेट का खुलासा, दिल्ली-मुंबई तक जुड़े तार, 2.26 करोड़ कैश बरामद
यूपी पंचायत चुनाव टलेंगे? जनगणना, परिसीमन और आरक्षण की बाधाएं, जानिए क्या है मामला
लखनऊ में ऑनलाइन पर्चे की सुविधा शुरू, अस्पताल की लंबी लाइन से मिलेगी निजात
आगरा ताज ट्रिपेजियम जोन में पेड़ों की अवैध कटाई, भूमाफिया ने बनाई कॉलोनी
लाँग वीकेंड पर प्रकृति का आनंद: आगरा से चंबल सेंक्चुरी और लायन सफारी का शानदार अनुभव
सीएम योगी ने मेदांता अस्पताल में जाना महंत नृत्य गोपाल दास का हाल, बेहतर इलाज के दिए निर्देश
आगरा पुलिस ने कैंटर से 1.15 करोड़ का गांजा किया जब्त, नारियलों के नीचे छिपाकर तस्करी का अनोखा तरीका
कैंसर पीड़ित कुतिया ‘नोरा’ बिजनौर से लापता, पता बताने वाले को 5000 का इनाम: Bijnor news
