सिरसा में सड़क हादसे के बाद 4 साल के मासूम की मौत, 3.5 महीने कोमा में रहा बच्चा; अज्ञात कार चालक पर केस दर्ज
सिरसा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद साढ़े चार साल के मासूम रुद्र प्रताप सिंह ने जिंदगी की जंग हार दी। बच्चा पिछले साढ़े तीन महीने से कोमा में था, जिसकी शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के दादा के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
यह घटना 28 अगस्त 2025 की शाम को हुई थी। मृतक के दादा अवतार सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा कनाडा में रहता है, जबकि उनकी पुत्रवधू मनदीप कौर अपने दो बेटों के साथ गांव में रहती हैं। घटना के दिन मनदीप कौर अपने छोटे बेटे रुद्र प्रताप को ट्यूशन छोड़ने के लिए बुढीमेड़ी चौक के पास सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
मनदीप कौर ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन कार की टक्कर से रुद्र प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया। परिवार ने बच्चे को पीजीआई चंडीगढ़ और एम्स बठिंडा में भी भर्ती कराया, लेकिन वह कोमा से बाहर नहीं आ सका। शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात कार चालक की तलाश कर रही है।
