24 घंटे में दूर हुआ अंधेरा, DM के त्वरित एक्शन से बुजुर्ग महिला को मिली बिजली
हापुड़ जनपद में संपूर्ण समाधान दिवस पर एक मार्मिक प्रकरण सामने आया, जिसने एक बार फिर प्रशासनिक संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण पेश किया। गांव करीमपुर निवासी रेखा अपने मंदबुद्धि बेटे के साथ तहसील पहुंची थीं, जहां उन्होंने जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय से बिजली कनेक्शन की गुहार लगाई।
रेखा ने बताया कि उनका मकान गांव के बाहरी छोर पर है और करीब एक माह से उन्हें बिजली की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऊर्जा निगम के चक्कर काट-काट कर वह थक चुकी थीं, लेकिन बकाया बिल के नाम पर उन्हें कनेक्शन देने से इनकार कर दिया जा रहा था। यह सुनकर डीएम अभिषेक पांडेय ने तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया।
डीएम ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस में आई इस शिकायत का निस्तारण 24 घंटे के भीतर किया जाए और पीड़ित महिला के घर पर बिजली कनेक्शन पहुंचना चाहिए। डीएम के इस स्पष्ट निर्देश के बाद ऊर्जा निगम के अधिकारी हरकत में आए और तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के अंदर रेखा के घर बिजली कनेक्शन पहुंचा दिया।
अंधेरे से मिली इस मुक्ति पर रेखा की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उन्होंने डीएम अभिषेक पांडेय की कार्यशैली की हृदय से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारियों से ही न्याय मिलने की उम्मीद जगती है। उन्होंने बताया कि उनके नाम कोई बकाया बिल नहीं है, बल्कि उनके ससुर के नाम एक कनेक्शन है जो अलग मकान में रहते हैं।
यह घटना ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाती है, जहां विभागीय लापरवाही के कारण सैकड़ों घरों में बिजली कनेक्शन नहीं हो पा रहे हैं। कई उपभोक्ता उपकेंद्रों के चक्कर काटते रहते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी दूरी या दस्तावेजों की कमी बताकर उन्हें टाल देते हैं। डीएम पांडेय की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल एक परिवार को राहत दी, बल्कि यह भी संदेश दिया कि जनशिकायतों पर संज्ञान लेकर उनका त्वरित निस्तारण किया जा सकता है।
इस संबंध में जब संबंधित अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस पर आई शिकायत पर डीएम के आदेशानुसार महिला के घर पर कनेक्शन प्रदान कर दिया गया है।
नामकरण समारोह में हर्ष फायरिंग, युवक के पेट में लगी गोली, आरोपी गिरफ्तार
शादी से पहले खूनी संघर्ष: झूठी मौत का बहाना, दूल्हे के भाई को पीटा
मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही: हापुड़ DM सख्त, 79 अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस
हापुड़ में कारखाने से लाखों के माल पर चोरों का हाथ, CCTV में कैद हुई वारदात
हापुड़ में किसान हत्याकांड: दो माह बाद भी हत्यारों का कोई सुराग नहीं
हापुड़ में बुखार का कहर: युवती की मौत से गांव में दहशत, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
हापुड़ के 67 गांवों को HPDA में शामिल करने की मांग, CM से हुई चर्चा
हापुड़ में वायु प्रदूषण का कहर: ‘बेहद खराब’ AQI से सांस लेना दूभर
