उत्तराखंड सरकार के ‘जन-जन के द्वार’ अभियान से 1826 लोगों को मिला लाभ, 343 शिकायतों का हुआ निदान | Uttarakhand news
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किए गए ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान को बड़ी सफलता मिल रही है। इस अभियान के तहत विभिन्न जिलों में आयोजित शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है और उनकी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। शुक्रवार को आयोजित शिविरों में 1826 व्यक्तियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया, जबकि 434 शिकायतों में से 343 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।
यह अभियान राज्य के नागरिकों को सीधे शासन से जोड़ने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। शुक्रवार को छह शिविरों में कुल 2984 लोगों ने भाग लिया। इन शिविरों में विभिन्न प्रमाणपत्र बनवाने के लिए 397 आवेदन पत्र भी भरवाए गए।
अभियान के तहत अब तक राज्यभर में कुल 53 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में 17,916 व्यक्तियों ने भागीदारी की है। कुल 3,930 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2,727 का निस्तारण किया जा चुका है। इसके अलावा, 12,165 व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया है, जबकि 3,439 व्यक्तियों के प्रमाणपत्रों के लिए आवेदन फार्म भरवाए गए हैं। यह पहल राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
