यूपी में 12 नए एक्सप्रेसवे का ऐलान, कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार
उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने के लिए 12 नए UP Expressways बनाने की योजना पर काम कर रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद राज्य में एक्सप्रेसवे की कुल संख्या 22 हो जाएगी। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 7 एक्सप्रेसवे संचालित हैं, जबकि 3 एक्सप्रेसवे निर्माणाधीन हैं। सरकार का लक्ष्य है कि इन एक्सप्रेसवे के माध्यम से राज्य के दूरदराज के क्षेत्रों को भी मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
एक्सप्रेसवे के साथ-साथ, राज्य सरकार हवाई कनेक्टिविटी पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 16 हवाई अड्डे संचालित हैं, जिनमें 12 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे शामिल हैं। इसके अलावा, 8 नए एयरपोर्ट का निर्माण कार्य चल रहा है। जेवर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा शुरू होते ही उत्तर प्रदेश 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा।
बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के तहत 56,662 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देना है। राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था जो 2016-17 में 13.30 लाख करोड़ रुपये थी, वह 2025-27 तक 36 लाख करोड़ रुपये की ओर अग्रसर है।
