कानपुर में करंट से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के आलमचंद्रपुर स्थित काँशीराम कालोनी में रविवार देर रात एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ब्रह्म नगर अकबरपुर का रहने वाला 30 वर्षीय किशन पुत्र राजाराम, जो काँशीराम कालोनी में निवास कर रहा था, देर रात घर में खिड़की के पास निकले बिजली के खुले तार को छू बैठा। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। अफरा-तफरी के बीच परिजनों ने उसे तत्काल मेडिकल कालेज अकबरपुर पहुंचाया, जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से अस्पताल में भी मातम पसर गया। मेडिकल कालेज से भेजे गए मेमो पर अकबरपुर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अकबरपुर कोतवाल हरमीत सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में करंट से हादसा होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस तरह की घटनाएं बिजली के खुले तारों और असुरक्षित उपकरणों के कारण होती हैं, जो आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं।
