कार के पहिए में फंसा युवक, 10 मीटर तक घिसटा, दर्दनाक मौत
बिजनौर के रोडवेज बस स्टैंड के पास चर्च के सामने शुक्रवार देररात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार 24 वर्षीय राहुल पुत्र अरुण सैनी कार के अगले पहिए में फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल कार के पहिए में फंसे होने के बावजूद करीब 10 मीटर तक घिसटता चला गया। शोर-शराबा सुनकर कार चालक ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन युवक बुरी तरह फंस चुका था। युवक को बाहर न निकाल पाने की स्थिति में चालक कार को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहुल के परिजन मौके पर पहुंच गए। राहुल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राहुल चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और डीटीडीसी कोरियर कंपनी में काम करता था। परिवार में इस समय उसकी शादी की बात चल रही थी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
