‘बहुत कुछ मिस कर रही हो’, CM सिद्दरमैया ने ‘शुद्ध शाकाहारी’ पत्रकार से चिकन-अंडे पर की मजेदार बातचीत
कर्नाटक कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही खींचतान अब खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने साथ में नाश्ता किया। इस मुलाकात का उद्देश्य यह दिखाना था कि दोनों नेताओं के बीच कोई मतभेद नहीं है और वे एकजुट होकर सरकार चला रहे हैं। ब्रेकफास्ट मीटिंग के दौरान सिद्दरमैया ने वहां मौजूद एक महिला पत्रकार से कहा कि अगर आप शुद्ध शाकाहारी हैं तो जीवन में बहुत कुछ जरूर मिस कर रही हैं।
दरअसल, सिद्दरमैया ने महिला पत्रकार से पूछा कि क्या आपको चिकन पसंद है। पत्रकार ने जवाब दिया कि वह शुद्ध शाकाहारी हैं। इस पर सीएम ने पूछा कि ‘शुद्ध’ का क्या मतलब है और क्या आप अंडे भी नहीं खातीं। महिला पत्रकार ने कहा, “नहीं, कुछ नहीं।” इस पर सीएम ने कहा, “आप जीवन में बहुत कुछ मिस कर रही हैं।” यह बातचीत उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के आवास पर हुई, जहां शिवकुमार और उनके भाई डीके सुरेश ने सिद्दरमैया का स्वागत किया।
बैठक के मेन्यू में शाकाहारी और मांसाहारी दोनों व्यंजन शामिल थे। डीके शिवकुमार के लिए शाकाहारी व्यंजन परोसे गए थे, जबकि मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के लिए नाटी कोली (देसी चिकन) परोसा गया था, जिसे शिवकुमार की पत्नी उषा ने पारंपरिक मैसूर शैली में पकाया था। यह मुलाकात आंतरिक मतभेदों की अटकलों के बीच कांग्रेस नेतृत्व द्वारा एकता प्रदर्शित करने के लिए आयोजित की गई थी।
