कासगंज में ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत, मोहनपुरा के पास हुआ हादसा
कासगंज में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी महिला को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा के पास हुई। कांतौर गांव निवासी 50 वर्षीय गुड्डो देवी सोमवार शाम करीब छह बजे राधा स्वामी सत्संग आश्रम के पास सड़क पार करने के लिए खड़ी थीं। तभी मोहनपुरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे स्थानीय लोगों ने पीछा करके पकड़ लिया। परिवारीजन आनन-फानन में महिला को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिन्होंने मंगलवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।
