अलीगढ़ में महिला पर दरांती से हमला, जमीन विवाद में भी मारपीट; Aligarh crime news
अलीगढ़ जिले के खैर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला पर दरांती से हमला कर लहूलुहान करने का मामला सामने आया है। हजियापुर गांव निवासी संतोष पत्नी ओमवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात मार्च की सुबह गांव की सुंदरी देवी और पूनम दो अज्ञात व्यक्तियों के साथ उसके घर में घुस आईं। आरोप है कि सुंदरी देवी ने दरांती से हमला कर दिया, जिससे संतोष के दोनों हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए और खून बहने लगा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सुंदरी देवी, पूनम और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, दादों थाना क्षेत्र के हुसैनपुर शहजानपुर गांव में एक विधवा महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सानिया देवी पत्नी बाबूजी ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पति की मृत्यु के बाद ननद और जेठ उसे आए दिन परेशान करते हैं और घर में रहने नहीं देते। महिला ने आरोप लगाया कि सोमवार को उसके हिस्से की जमीन बेची जा रही थी। जब उसने इसका विरोध किया तो ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। सानिया देवी ने अपनी और बेटी की जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
