UGC फैसले के विरोध में खैर में ‘Bharat Bandh’ का व्यापक असर, बाजार रहा बंद
अलीगढ़ जिले के खैर कस्बे में यूजीसी (UGC) के एक हालिया फैसले के विरोध में बुलाए गए ‘भारत बंद’ का व्यापक असर देखने को मिला। रविवार को कस्बे के अधिकांश बाजार बंद रहे। व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। प्रदर्शनकारी सुभाष चौक पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी के इस निर्णय को सवर्ण समाज के हितों के विरुद्ध बताया। उनका कहना था कि यदि समय रहते इस फैसले का विरोध नहीं किया गया तो समाज को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इस फैसले को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, जिसका असर खैर कस्बे में भी दिखाई दिया।
ब्राह्मण महासभा, अग्रवाल युवा संगठन, अंतरराष्ट्रीय वैश्य संगठन, व्यापार मंडल सहित कई संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद, उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम शिशिर कुमार सिंह और सीओ वीके सिंह को सौंपा। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।
