पश्चिम चंपारण: बेतिया राज भूमि पर चलेगा बुलडोजर, 150 अतिक्रमणकारियों को नोटिस
पश्चिम चंपारण के बेतिया में वर्षों से बेतिया राज की भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बेतिया राज प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर, अंचल प्रशासन ने लगभग 150 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से भूमि खाली करने का निर्देश दिया है।
निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण न हटाने पर बुलडोजर से कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। शहर की मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण के कारण सड़कों की चौड़ाई कम हो गई है, जिससे प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इस जाम से आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अंचल सूत्रों के अनुसार, नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि अतिक्रमणकारी स्वयं भूमि को अतिक्रमण मुक्त करें, अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। वर्षों से बेतिया राज की बहुमूल्य जमीन पर अवैध रूप से बने मकान, दुकान और अस्थायी ढांचे सरकारी भूमि के दुरुपयोग का कारण बन रहे हैं।
बरवत सेना से गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल होते हुए पथरीघाट तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण के लिए भी अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने से यातायात सुगम होगा और शहर के विकास को गति मिलेगी। बेतिया नगर निगम भी अतिक्रमण हटाने की मुहिम में सक्रिय हो गया है और उसने भी अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजे हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य सड़कों का चौड़ीकरण कर शहर को जाम से राहत दिलाना है।
