कानपुर देहात में बदला मौसम, बारिश और ठंडी हवा से बढ़ी सर्दी (Kanpur Dehat weather)
कानपुर देहात में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे कड़ाके की सर्दी बढ़ गई। सुबह घने कोहरे के बाद अचानक हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। शीतलहर के कारण लोग घरों से निकलने से कतराते रहे, वहीं खुले आसमान के नीचे रहने वाले पशु-पक्षी भी बेहाल हो गए।
सोमवार को दिन में मौसम साफ रहने के बाद रात में बर्फीली हवाओं ने ठंड बढ़ा दी थी। मंगलवार की सुबह भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हो गई। हालांकि, सुबह करीब 8 बजे कोहरा छटने के बाद अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने तापमान में और गिरावट ला दी।
मौसम बिगड़ने के कारण सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम हो गई। जरूरी काम से निकले लोगों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, क्योंकि सवारी वाहनों की कमी हो गई थी। दोपहिया वाहन चालकों को बारिश से बचने के लिए जगह तलाशनी पड़ी। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग कूड़ा जलाकर गर्मी पाने की कोशिश करते दिखे।
