0

न्यूयॉर्क कोर्ट में पेश हुए वेनेजुएला के राष्ट्रपति Nicolas Maduro, ड्रग्स तस्करी के आरोपों से किया इनकार

By Jan 6, 2026

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सोमवार रात न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत में पेश किया गया। उन पर ड्रग्स और हथियार तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप लगे हैं, जिनसे उन्होंने कोर्ट में साफ इनकार किया। मादुरो ने अपनी गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताते हुए इसे अपहरण करार दिया, जिससे अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मच गई है। यह मामला अमेरिका और वेनेजुएला के बीच पहले से तनावपूर्ण संबंधों को और बढ़ा सकता है।

मादुरो पर लगे गंभीर आरोप
चार्जशीट के मुताबिक, निकोलस मादुरो और उनके सहयोगियों पर नशा तस्करों तथा आतंकी गिरोहों के साथ मिलकर अमेरिका में कोकीन पहुंचाने की साजिश रचने का आरोप है। मादुरो पर मशीनगन रखने का भी आरोप है, जिसके लिए उन्हें लंबी सजा हो सकती है। इस मामले में मादुरो के बेटे निकोलस मादुरो गुएरा, गृह मंत्री डियोसडाडो काबेलो और कुख्यात गैंग ‘त्रेन दे अरागुआ’ के सरगना हेक्टर गुरेरो फ्लोरेस का नाम भी शामिल है। अमेरिका इस गैंग को विदेशी आतंकी संगठन मानता है।

बचाव पक्ष की दलीलें और कोर्ट की कार्यवाही
मादुरो के वकीलों ने अमेरिकी कार्रवाई को सैन्य अपहरण बताया है और कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून तथा कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन है। वे अमेरिकी अदालतों के अधिकार क्षेत्र (ज्यूरिस्डिक्शन) को भी चुनौती देने की तैयारी में हैं। उनकी कानूनी रणनीति का मुख्य आधार यही होगा कि अमेरिकी एजेंसियों ने विदेशी जमीन पर अवैध कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया। सुनवाई के दौरान मादुरो के पैरों में बेड़ियां लगी हुई थीं। उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस भी अदालत में पेश हुईं, जिनके चेहरे पर चोट के निशान और पट्टी बंधी थी। दोनों ने हेडफोन लगाए थे ताकि अदालत में कही जा रही बातों को अपनी भाषा में समझ सकें। जज ने अदालत में दोनों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को पढ़कर सुनाया। अगली सुनवाई 17 मार्च को होगी।

कराकस में हुई फायरिंग, अमेरिका ने नकारा भूमिका
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला की राजधानी कराकस में सोमवार शाम अचानक गोलियों और एंटी-एयरक्राफ्ट फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं। कुछ वीडियो में कराकस के आसमान में एंटी-एयरक्राफ्ट गन फायरिंग करते दिखाई दी। बताया जा रहा है कि राजधानी में तैनात अलग-अलग सिक्योरिटी यूनिट्स के बीच भ्रम और गलतफहमी के चलते ऐसा हुआ। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि अमेरिका इन खबरों पर नजर बनाए हुए है, लेकिन उन्होंने साफ किया कि इस घटना में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं है। बाद में यह भी दावा किया गया कि इलाके में उड़ रहे एक ड्रोन पर मिराफ्लोरेस पुलिस और राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात जवानों ने फायरिंग की थी।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

डोनाल्ड ट्रंप ने निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी पर खुद की तारीफ की, कहा- ‘कोई और नहीं कर सकता था’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी पर अपनी सेना की जमकर तारीफ की है। केनेडी सेंटर में हाउस रिपब्लिकन सदस्यों को संबोधित करते हुए ट्रंप...
By Jan 6, 2026

साझा करें