0

विशाखापत्तनम में श्री विद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ: विश्व शांति और राष्ट्र प्रगति की कामना

By Nov 28, 2025

विशाखापत्तनम के ऋषिकोंडा में स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के संरक्षण में दो दिवसीय श्री विद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस महायज्ञ का आयोजन राष्ट्र की प्रगति, विश्व में शांति की स्थापना और गरीब कल्याण के पावन ध्येय के साथ किया गया है। पूरे विधि-विधान से माता ललिता जी का पूजन कर इस अनुष्ठान का आरंभ किया गया।

इस महायज्ञ में 5 हजार से अधिक सुहासिनी महिलाएं और श्रद्धालु दो दिनों तक श्री ललिता सहस्त्रनाम के मंत्रों का एक करोड़ बार पाठ करेंगी और सिंदूर से अर्चन करेंगी। सूत्रों के अनुसार, स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के नेतृत्व में अब तक देश के 34 प्रमुख शहरों में इस प्रकार के श्री विद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा चुका है।

स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने इस अवसर पर कहा कि देश की विकास गति को और अधिक बढ़ाने के लिए माता ललिता देवी से विशेष प्रार्थना की जा रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि हमारा देश विश्वगुरु बनेगा और आने वाला समय भारत का ही है। उन्होंने सनातन धर्म को हमारी ताकत बताते हुए कहा कि जो व्यक्ति धर्म के साथ चलता है, वह सदैव न्याय के पथ पर अग्रसर रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि देश विकास के पथ पर बहुत आगे बढ़ चुका है।

इस महायज्ञ में राजनीतिक हस्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आंध्र प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पीवीएन माधव ने कहा कि स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के संरक्षण में पूरे देश में गरीब कल्याण के ध्येय से माता ललिता का भव्य अनुष्ठान हो रहा है। उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश में यह दूसरा ऐसा महाआयोजन है। माधव ने देश की प्रगति का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया।

वहीं, टीडीपी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद मथुकुमिल्ली श्रीभारत ने देश निर्माण के लिए सभी को मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने विशाखापत्तनम में ऐसे भव्य आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सबको मिलकर देश को विश्वगुरु बनाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।

टीडीपी के एक अन्य वरिष्ठ नेता एवं सांसद कालीसेट्टी अप्पाला नायडू ने सनातन धर्म में सभी के सम्मान की बात कही। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश एक धर्म नगरी है और यहां स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी जैसे संत द्वारा इतने बड़े आयोजन का होना हम सभी के लिए गौरव की बात है।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

नौसेना जासूसी मामला: राजस्थान के दो आरोपी दोषी करार, 5 साल 11 माह की सजा

भारत की समुद्री सुरक्षा को हिला देने वाले विशाखापट्टनम नौसेना जासूसी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। राजस्थान के दो आरोपियों, अशोक कुमार और विकास कुमार, को दोषी करार...
By Amit Sagar Nov 28, 2025

साझा करें