विदेश से सुपारी लेकर हत्या करने जा रहे बंबीहा गैंग के शार्पशूटर मुठभेड़ में गिरफ्तार
पंजाब के पटियाला में पुलिस ने बंबीहा गैंग के दो खूंखार शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया है, जो मोहाली में एक बड़ी हत्या की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। सूत्रों के अनुसार, इन अपराधियों को विदेश से हत्या के लिए सुपारी मिली थी।
घटना 23 नवंबर की है जब सीआईए स्टाफ पटियाला की टीम ने गश्त के दौरान इन दोनों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। भादसों रोड से होते हुए गांव के रास्ते से सरहिंद की ओर जा रहे इन बदमाशों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में दोनों के पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल .30 बोर, पांच कारतूस और पांच खोल के साथ एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पकड़े गए गैंगस्टर की पहचान हरप्रीत सिंह उर्फ मक्खन निवासी गांव सैफदीपुर पटियाला और गौतम उर्फ बादशाह निवासी कंडा बस्ती बौड़ां गेट, नाभा के रूप में हुई है। चार दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे इन दोनों बदमाशों ने पूछताछ के दौरान हत्या की सुपारी मिलने की बात कबूल की है। पुलिस अब उनसे उन लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है जिन्होंने सुपारी दी और हथियार मुहैया कराए।
सूत्रों के अनुसार, गैंगस्टर हरप्रीत सिंह के खिलाफ हत्या, इरादा-ए-कत्ल और लूटपाट सहित सात मामले दर्ज हैं। वह थाना सदर पटियाला में दर्ज डबल मर्डर केस और थाना बलौंगी व मोहाली जिले में दर्ज मामलों में भगोड़ा भी था। वहीं, गौतम उर्फ बादशाह के खिलाफ भी हत्या, इरादा-ए-कत्ल और नशा तस्करी के कुल चार मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद दो दिसंबर तक रिमांड पर लिया है। इस गिरफ्तारी से पुलिस को बंबीहा गैंग के अन्य सदस्यों और उनकी आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने में मदद मिलने की उम्मीद है। यह कार्रवाई पंजाब में गैंगवार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
