0

उत्तरकाशी को नए साल में मिलेगी बड़ी सौगात, 60 लाख की लागत से बनेगा ‘देवभूमि रजत जयंती पार्क’

By Dec 16, 2025

उत्तरकाशी के निवासियों के लिए नए साल में एक बड़ी सौगात मिलने वाली है। नगर पालिका की कवायद रंग लाई तो शहरवासियों को नये साल में देवभूमि रजत जयंती पार्क की सौगात मिलेगी। पालिका प्रशासन ने पार्क निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह पार्क पालिका क्षेत्र अंतर्गत मनेरा में आरटीओ कार्यालय के निकट प्रस्तावित है।

दरअसल, जनपद मुख्यालय में जगह की कमी के चलते अच्छे पार्कों की कमी है। शहर के हनुमान मंदिर के आगे, कलक्ट्रेट के निकट तथा तिलोथ पुल के समीप पार्क स्थित हैं, लेकिन उनकी स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। अब प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में प्रदेश की 25वीं वर्षगांठ पूरी होने के उपलक्ष्य में देवभूमि रजत जयंती पार्कों का निर्माण हो रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका बाड़ाहाट में भी देवभूमि रजत जयंती पार्क निर्माण की कवायद शुरू हो गई है।

यह पार्क भागीरथी नदी के किनारे मनेरा में आरटीओ कार्यालय के निकट प्रस्तावित है। इस पार्क के बनने से जहां क्षेत्र में सौंदर्यीकरण होगा, वहीं चारधाम यात्रा के वैकल्पिक मार्ग पर पार्क बनने से चारधाम व शीतकालीन यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों व पर्यटकों के लिए भी यह आकर्षण का केंद्र होगा।

पालिका की अधिशासी अधिकारी शालिनी चित्राण ने बताया कि प्रस्तावित देवभूमि रजत जयंती पार्क का निर्माण रजत जयंती की थीम पर होगा, जिसमें बच्चों के खेलने के लिए झूले आदि के साथ लोगों के बैठने व टहलने के लिए पर्याप्त व्यवस्था होगी। ईओ ने बताया कि पार्क निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह पार्क लगभग 55 से 60 लाख रुपये की लागत से बनेगा, जिसका निर्माण निविदा में चयनित ठेकेदार को छह माह में पूरा करना होगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें